बीजेपी सरकार ने AI समिट को ‘चाइना बाजार’ में तब्दील कर दिया: कांग्रेस

कांग्रेस के मीडिया विभाग के प्रमुख पवन खेड़ा ने ‘इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट’ 2026 में गलगोटिया विश्वविद्यालय द्वारा चीन में निर्मित ‘रोबोट’ को प्रदर्शित किए जाने का हवाला देते हुए बुधवार को आरोप लगाया कि बीजेपी सरकार द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम को ‘चाइना बाजार’ में तब्दील कर दिया गया है। खेड़ा ने कहा, ‘‘अश्विनी वैष्णव ने साबित कर दिया है कि भारत में एआई का मतलब है ‘‘अश्विनी इन्कॉम्पिटें’’। इसे AI समिट होना था – इनोवेशन और आइडिया के लेन-देन का एक प्लेटफॉर्म। बीजेपी ने इसे सस्ते चाइना बाज़ार में बदल दिया।’’

Advertisement
कांग्रेस ने भी एआई समिट में हुए विवादों को लेकर सरकार पर निशाना साधते हुए कहा, “मोदी सरकार ने देश की छवि को अपूरणीय क्षति पहुंचाई है, उन्होंने एआई को मजाक बनाकर रख दिया है। यह एक ऐसा क्षेत्र है जिसमें हम अपनी डेटा शक्ति को देखते हुए विश्व के अगुवा बन सकते हैं।’’

इससे पहले लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने भी इस विवाद को लेकर सरकार पर निशाना साधते हुए ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, “भारत की प्रतिभा और डेटा का उपयोग करने के बजाय, एआई शिखर सम्मेलन अव्यवस्थित तरीके से पीआर का तमाशा बन गया है। भारतीय डेटा बिक्री के लिए उपलब्ध है और चीनी उत्पादों का प्रदर्शन किया जा रहा है।’’

दरअसल एक दिन पहले गलगोटिया विश्वविद्यालय ने ‘इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट’ 2026 में 350 करोड़ रुपये की एआई परियोजनाओं और एक ‘रोबोटिक कुत्ते’ का प्रदर्शन किया। लेकिन ‘ओरायन’ नाम का यह रोबोट चीन निर्मित पाया गया, जिसके बाद विवाद खड़ा हो गया, जिससे यूनिवर्सिटी पर सवाल उठने के साथ ही सरकार की भी भारी किरकिरी हुई।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here