लखनऊ। प्रदेश में छात्राओं की सुरक्षा को लेकर उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष बबीता सिंह चौहान ने स्कूल, कॉलेज और कोचिंग संस्थानों के भीतर व आसपास की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए निर्देश दिए हैं।
सभी डीएम और पुलिस आयुक्तों-एसएसपी को सभी संस्थानों और वहां तक जाने वाले मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों को दुरुस्त कराने, पुलिस गश्त बढ़ाने और पूरे अभियान की निगरानी के लिए प्रत्येक जिले में नोडल अधिकारी नामित करने को कहा गया है।
महिला आयोग की अध्यक्ष की ओर से गुरुवार को जारी पत्र में कहा गया है कि छात्राओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। इसलिए सभी शैक्षणिक संस्थानों में लगे सीसी कैमरों की कार्यशीलता की जांच कराई जाए। जहां कैमरे खराब हैं, उन्हें तत्काल ठीक कराया जाए, ताकि किसी भी घटना की स्थिति में प्रभावी निगरानी और साक्ष्य उपलब्ध हो सकें।
स्कूलों, कॉलेजों और कोचिंग संस्थानों के आसपास नियमित पुलिस गश्त हो, विशेष रूप से छात्राओं के आने-जाने के समय पुलिस की सक्रिय मौजूदगी सुनिश्चित की जाए। पत्र में कहा गया है कि इन व्यवस्थाओं की निगरानी के लिए नामित नोडल अधिकारी सुरक्षा संबंधी निर्देशों के अनुपालन की नियमित समीक्षा करेगा और उसकी रिपोर्ट महिला आयोग को उपलब्ध कराएगा।












