हाजीपुर। सदर थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकले एक ठेकेदार की बदमाशों ने ताबड़तोड़ गोलीबारी कर हत्या कर दी। घटना दिघी नया टोला स्थित पोखर के पास हुई।
मृतक की पहचान नगर परिषद क्षेत्र वार्ड 26 निवासी रामनरेश राय (49 वर्ष) के रूप में हुई है। दिनदहाड़े हुई इस वारदात के बाद इलाके में तनाव का माहौल है। पुलिस घटनास्थल पर कैंप कर रही है।
मिली जानकारी के अनुसार, रामनरेश राय रोज की तरह गुरुवार की सुबह मॉर्निंग वॉक के लिए घर से निकले थे। घर से कुछ ही दूरी पर दिघी नया टोला पोखर के निकट पहले से घात लगाए बैठे बदमाशों ने उन्हें निशाना बना लिया।
तड़ातड़ दांगी 10 गोलियां
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बदमाशों ने करीब 10 राउंड फायरिंग की। कई गोलियां उनके शरीर के अलग-अलग हिस्सों पर लगी है। अचानक हुई गोलीबारी में रामनरेश राय को कई गोलियां लगीं और वे खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर पड़े।
गोली चलने की आवाज सुनते ही आसपास के लोग मौके पर जुट गए। आनन-फानन में स्वजन और स्थानीय लोगों ने उन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया।
सदर अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद रामनरेश राय को मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर मिलते ही स्वजनों में कोहराम मच गया। अस्पताल में कुछ देर भीड़ की स्थिति बनी रही। बाद में स्वजन शव को लेकर अपने घर चले गए।
सीसीटीवी फुटेज आई सामने
घटनास्थल का सीसीटीवी फुटेज इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो रहा है, सीसीटीवी फुटेज में दिख रहा है कि रामनरेश राय मॉर्निंग वॉक कर रहे हैं इसी दौरान सामने से दो बाइक पर सवार चार बदमाश आया और गोलीबारी शुरू कर दी।
रामनरेश राय जान बचाकर भागने का प्रयास किया लेकिन दो बदमाश उनका पीछा कर कई गोली मार दिया। सीसीटीवी इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो रहा है। सीसीटीवी में दिख रहा है कि दो बदमाश रामनरेश राय को दौड़ा दौड़ा कर गोली मार रहा है।
जानकारी के अनुसार, करीब एक महीना पहले जमीनी विवाद को लेकर एक व्यक्ति के द्वारा हत्या करने की धमकी दी गई थी। फिलहाल पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच पड़ताल में जुटी है।
एसपी शुभांक मिश्रा ने बताया कि रामनरेश राय को चार-पांच गोली लगी है। सीसीटीवी कैमरे की जांच पड़ताल कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। करीब एक महीना पहले जमीन के विवाद का मामला सामने आया है। पूरे मामले की जांच पड़ताल पर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
चुनावी की तैयारी में जुटे थे रामनरेश
जानकारी के अनुसार रामनरेश राय हाजीपुर नगर परिषद से सभापति या उपसभापति की तैयारी पिछले चुनाव में कर रहे थे। सभापति और उपसभापति का सीट आरक्षित होने के कारण वह चुनाव नहीं लड़ सके थे।
जानकारी के अनुसार, उनका एक पुत्र है, पत्नी पटना में रहकर अपने बच्चों को पढ़ाती है। घर पर अपने माता-पिता के साथ रामनरेश राय रहते थे।
घटना की सूचना मिलते ही सदर थाने की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। पोखर के आसपास से खाली खोखे भी बरामद किए गए हैं।
थानाध्यक्ष ने बताया कि हत्या के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल सका है। पुरानी रंजिश या जमीन-जायदाद के विवाद से भी इनकार नहीं किया जा रहा है। मामले में शामिल बदमाशों की पहचान के लिए छापेमारी की जा रही है।
घटना के बाद दिघी नया टोला और आसपास के इलाकों में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस लोगों से शांति बनाए रखने की अपील कर रही है। फिलहाल पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने और स्वजन के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।











