देश भर में सोमवार से शुरू होंगी 200 स्पेशल ट्रेन, घर जाना होगा आसान : रेल मंत्री

नई दिल्ली। रेल मंत्री पीयूष गोयल ने रविवार को कहा कि सोमवार से शुरू हो रही 200 स्पेशल ट्रेनों से लोगों का घर जाना आसान होगा। यह श्रमिक स्पेशल और राजधानी एक्सप्रेस रूट पर चल रही 30 ट्रेनों के अतिरिक्त होंगी। भारतीय रेलवे ने राजधानी एक्सप्रेस रूट की 30 और 200 विशेष मेल एक्सप्रेस ट्रेनों में आरक्षण के नियमों में महत्वपूर्ण बदलाव करते हुए यात्रियों को अग्रिम आरक्षण अवधि (एआरपी) 120 दिन कर दिया है। पहले यह अवधि 30 दिन थी। इन सभी 230 ट्रेनों में पार्सल और सामान की बुकिंग की भी अनुमति होगी। यह बदलाव आज (31 मई)  सुबह 8 बजे से प्रभावी हो गये हैं।
रेल मंत्री पीयूष गोयल ने रविवार को ट्वीट कर कहा कल से देश भर में शुरु हो रही हैं 200 स्पेशल ट्रेन, नागरिकों का घर जाना होगा और आसान व सुरक्षित। इन रेलगाड़ियों में 5 जोड़ी दुरंतो, संपर्क क्रांति, 17 जोड़ी जन शताब्दी और पूर्वा एक्सप्रेस जैसी 73 लोकप्रिय सुपर फास्ट ट्रेन शामिल हैं। रेलवे के अनुसार, यात्री आईआरसीटीसी की वेबसाइट और मोबाइल ऐप के माध्यम से ऑनलाइन और पीआरएस काउंटर, टिकट एजेंट और सीएससी के माध्यम से ऑफलाइन भी टिकट बुक कर सकते हैं।
रेलगाड़ियों के किराए में किसी भी तरह का कैटरिंग शुल्क शामिल नहीं होगा। रेलगाड़ियों में केवल कंफर्म अथवा आरएसी टिकट वाले यात्रियों को स्टेशन में आने और ट्रेन पर चढ़ने की अनुमति होगी। रेलवे ने कोरोना के मद्देनजर थर्मल स्क्रीनिंग अथवा भीड़भाड़ से बचने के लिए यात्रियों को कम से कम 90 मिनट पहले स्टेशन पर पहुंचने की सलाह दी है। यात्रा के दौरान चादर कंबल या फिर तकिया आदि रेलवे उपलब्ध नहीं कराएगा।
सभी यात्रियों को रेलवे स्टेशनों पर प्रवेश और निकास के समय यात्रा के दौरान फेस कवर अथवा मास्क पहनना अनिवार्य होगा। रेलवे ने सभी यात्रियों से आरोग्य सेतु एप डाउनलोड करने और यात्रा के दौरान सामाजिक दूरी के नियमों का सख्ती से पालन करने की अपील की है। रेलवे ने गंभीर रोगों से पीड़ित लोगों, गर्भवती महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों और 10 वर्ष से कम उम्र के बच्चों से केवल अत्यावश्यक होने पर ही ट्रेनों में यात्रा करने करें।
Advertisement

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here