एटा। जिले के सकीट थानाक्षेत्र के गांव दत्तपुर में गुरूवार देर रात करीब 12 बजे एक 30 वर्षीय युवक की गोली लगने से हुई मौत हत्या व आत्महत्या में उलझ गयी है। पुलिस द्वारा जहां प्राथमिकी दर्ज न होने की बात कही जा रही है वहीं कुछ ग्रामीण इसे परिजनों द्वारा ही की गयी हत्या बता रहे हैं।
सकीट क्षेत्र के दत्तपुर निवासी 30 वर्षीय सत्येन्द्र पुत्र रामनिवास के विषय में बताया गया है कि वह आटो चलाता था तथा रात करीब 12 बजे अपने कमरे से लघुशंका के लिए बाहर आया था। इसी समय उसकी गोली लगने से मौत हो गयी।
इस मौत के पीछे गांव के लोगों ने दबे स्वर जो कहानी बताई है, उसके अनुसार सत्येन्द्र के शराब पीकर गालियां देने से तंग परिवार के ही 4 लोगों द्वारा उसकी हत्या करना सामने आया है।
वहीं सकीट पुलिस प्रभारी का कहना है कि मृतक 2-3 दिन से शराब के नशे में रह रहा था तथा इसी के चलते उसने स्वयं को गोली मार आत्महत्या की है। मौके की जांच में भी प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। शुक्रवार सुबह तक उनके पास परिजनों की कोई तहरीर नहीं आई है।
Advertisement











