रायबरेली। मामूली विवाद में एक मां ने अपने ही बेटे को पीट कर मौत के घाट उतार दिया। आरोपी मां ने बताया कि मैं उसे नौकरी पर जाने के लिए कह रही थी। उसका आज केरल का टिकट भी था। बातचीत में ही विवाद हुआ तो बेटा मुझे गालियां देने लगा। फिर उसने मुझे मारना शुरू कर दिया तो मैंने भी डंडा उठा कर मार दिया। थोड़ी देर बाद वह अचेत हकर गिर पड़ा। हालांकि, बेटे की मौत के बाद मां के आंसू नहीं रुक रहे हैं।
मां को पता भी नहीं कि उसने बेटे की हत्या कर दी
लालगंज कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत राणा का पुरवा मजरे उतरा गौरी में चारपाई पर बेजान 20 वर्षीय बेटा लेटा हुआ है। बगल में मां कलावती लगातार रो रही है। वह कह रही कि पता नहीं उसे क्या हुआ है। मौके पर पहुंचे पुलिस वालों ने जब उससे जानकारी लेनी शुरू की तो उसने बताया कि उसकी तबियत खराब थी।
बुखार आ रहा था। मैं उससे कह रही थी कि जाकर दिखा ले। लेकिन वह सुन ही नहीं रहा था। बात बात में वह मुझसे लड़ाई करने लगा। गाली दी। फिर मारने लगा तो मैंने भी सबक सिखाने के लिए डंडे से मारा। फिर कुछ देर बाद वह बैठे बैठे गिर पड़ा।

पति ने कहा-यह मर गया
जब वह गिरा तो मैं भाग कर उसके पास पहुंची। जब वह नहीं उठा तो अपने पति को बुलाने दुकान पर भागी भागी गई। जब इन्होने देखा तो बोले कि यह तो मर गया। मेरे बेटे को कई दिन से बुखार आ रहा था। पता नहीं उसे क्या हो गया। पुलिस वालों ने बीच में पूछा डंडा कहां है तो मां लापरवाही से बोली इधर उधर कहीं पड़ा होगा। इसके बाद पुलिस डंडे को बतौर सुबूत ढूंढने लगी और मां कलावती फिर से रोने लगी।

इकलौता बेटा था परिवार में
आरोपी मां कलावती ने बताया कि उसके एक ही बेटा है। यह बेटा यहीं रहता था। तैयारी थी कि जब इसकी तबियत ठीक हो जाए तो यह भी काम करने चला जाए। मां इसीलिए परेशान थी कि दवाइयां खाकर वह जल्दी ठीक हो जाए।
नौकरी नहीं करना चाहता था बेटा
इस पूरे मामले में लालगंज थाना प्रभारी इंद्रपाल सिंह सेंगर ने बताया कि मृतक का नाम रवि है। जिसकी उम्र 22 साल है। मृतक रवि का विवाद उसकी मां से हो गया था। आज उसके केरल जाने का टिकट था। केरल जाने से मृतक रवि मना कर रहा था। जिससे नाराज होकर मां ने डंडे से पीट दिया। डंडा सर पर लग जाने के कारण मृतक रवि की मौके पर ही मौत हो गई।













