मथुरा में यमुना एक्सप्रेस-वे पर कोहरे के चलते 8 बसें और 3 कारें भिड़ गईं। टक्कर होते ही गाड़ियों में आग लग गई। भाजपा नेता समेत 13 लोगों की जलकर मौत हो गई। 70 लोग घायल हुए। मरने वालों का आंकड़ा और भी बढ़ सकता है, क्योंकि बसों में कटे हुए अंग मिले हैं। पुलिस इन्हें 17 पॉलिथीन बैग में भरकर ले गई। अब डीएनए टेस्ट से इनकी पहचान की जाएगी।
हादसा थाना बलदेव क्षेत्र में मंगलवार सुबह साढ़े 3 बजे माइलस्टोन 127 पर हुआ। पुलिस, फायर ब्रिगेड और SDRF के 50 जवानों और 9 थानों की पुलिस ने 6 घंटे में रेस्क्यू ऑपरेशन पूरा किया। हादसे के चलते एक्सप्रेस-वे पर 3 किमी लंबा जाम लग गया था। हादसे की मजिस्ट्रेट जांच के आदेश दे दिए गए हैं। ADM प्रशासन अमरेश जांच का नेतृत्व करेंगे। मजिस्ट्रेट जांच में 2 सदस्यों को जोड़ा गया है।
टक्कर के बाद राहगीर ने पुलिस को फोन कर सूचना दी। पुलिस के पहुंचने से पहले आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। प्रत्यक्षदर्शी भगवान दास ने बताया कि टक्कर के बाद ऐसा लगा जैसे बम फटा हो। लोग बसों के शीशे तोड़कर बाहर कूद रहे थे। थोड़ी देर में बसें जलकर राख हो गईं। हमने बस से 8–9 लाशें निकालीं। आरोप है कि रेस्क्यू करीब एक घंटे बाद शुरू हुआ।
घायलों को 11 एम्बुलेंस से मथुरा जिला अस्पताल और वृंदावन संयुक्त जिला अस्पताल भेजा गया। गंभीर घायलों को आगरा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। बसों से पुलिस ने खरोच-खरोच कर शवों को उठाया।

कैसे हुआ हादसा एक्सप्रेस-वे पर घना कोहरा था। माइलस्टोन 127 पर अचानक स्लीपर बस के सामने धुंध आ गई। इसके चलते ड्राइवर ने ब्रेक मारकर स्पीड धीमी की। इसके बाद पीछे चल रही 6 बसें और 4 कारें आकर भिड़ गईं। टक्कर से एसी बस में आग लग गई। लोगों को भागने तक का मौका नहीं मिला।
हादसे की तस्वीरें देखिए…






हादसे की जांच समिति में 2 सदस्य बढ़ाए

मथुरा हादसे को लेकर जिला मजिस्ट्रेट के आदेश पर गठित जांच समिति में 2 सदस्य बढ़ाए गए हैं। इसमें यमुना एक्सप्रेस-वे प्राधिकरण के परियोजना महाप्रबंधक राजेंद्र सिंह भाटी और जेपी इंफ्रा लिमिटेड महाप्रबंधक (ऑपरेशन) आनंद सिंह को भी शामिल किया गया है। इससे पहले कहा गया था कि ADM प्रशासन अमरेश जांच करेंगे।
हेल्पलाइन नंबर जारी किए गए
जिला प्रशासन ने हेल्पलाइन नंबर जारी कर दिए हैं। लोग किसी भी समस्या या जानकारी के लिए अपर जिलाधिकारी वित्त और राजस्व डॉ. पंकज कुमार वर्मा के मोबाइल नंबर 9454417583 पर फोन कर सकते हैं। इसके अलावा एसपी ग्रामीण सुरेश चंद्र रावत के मोबाइल नंबर 9454401103 पर संपर्क किया जा सकता है।
- कंट्रोल रूम मथुरा- 0565 2403200
- जिलाधिकारी मथुरा- 9454417512
पीएम मोदी ने हादसे पर दुख जताया
PM मोदी ने हादसे पर दुख व्यक्त किया है। उन्होंने हादसे में घायल लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है। प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपए और घायलों को 50-50 हजार रुपए देने का ऐलान किया गया है।
हादसे की जांच के लिए टीम का गठन, 48 घंटे में रिपोर्ट प्रशासन को सौंपेगी
हादसे की जांच के लिए 4 सदस्यीय टीम का गठन किया गया है। ADM प्रशासन टीम का नेतृत्व करेंगे। उनके अलावा एसपी देहात, अधिशासी अभियंता PWD और ARTO प्रवर्तन को भी टीम में शामिल किया गया है। टीम 48 घंटे में अपनी रिपोर्ट प्रशासन को सौंपेगी।













