2026 में टीम इंडिया के सामने 3 चुनौती, हर हाल में पाना होगा पार

साल 2025 खत्म हो चुका है और साल 2026 की शुरुआत हो चुकी है। ये साल भारतीय क्रिकेट के लिए बेहद अहम रहने वाला है। इस साल जहां भारतीय टीम को टी20 वर्ल्ड कप खेलना है, वहीं टीम इंडिया को रेड बॉल से भी कुछ टेस्ट मैच खेलने हैं। हालांकि इस साल ज्यादातर समय भारतीय टीम वाइट बॉल मैचों में ही व्यस्त रहेगी। ऐसे में इस साल भारतीय टीम के ऊपर कई चुनौतियां रहने वाली हैं। ऐसी ही 3 चुनौतियों की जानकारी हम इस रिपोर्ट में देने वाले हैं।

Advertisement

सूर्या की फॉर्म: कप्तान का संघर्ष

टीम इंडिया के टी20 कप्तान सूर्यकुमार यादव के लिए साल 2025 का अंत आंकड़ों के लिहाज से काफी खराब रहा। 2026 के टी20 वर्ल्ड कप से ठीक पहले सूर्या का बल्ला खामोश होना टीम मैनेजमेंट के लिए सबसे बड़ी पहेली है। हालिया आंकड़ों के अनुसार पिछली 16-17 पारियों में उनका औसत 15 के आसपास रहा है और उनके बल्ले से कोई बड़ी पारी नहीं निकली है। कप्तान होने के नाते उन पर न केवल रन बनाने का दबाव है, बल्कि अपनी जगह को लेकर उठ रहे सवालों का जवाब देने की भी चुनौती है।

होम टेस्ट जीत: दबदबा कायम रखने की चुनौती

भारत का घरेलू मैदानों पर टेस्ट रिकॉर्ड हमेशा से शानदार रहा है, लेकिन हाल के समय में न्यूजीलैंड और दक्षिण अफ्रीका जैसी टीमों ने इस किले में सेंध लगाई है। 2026 में भारत को अपनी धरती पर कई अहम टेस्ट मैच खेलने हैं। होम टेस्ट जीत अब केवल एक औपचारिकता नहीं रही, बल्कि WTC फाइनल में पहुंचने के लिए अनिवार्य शर्त बन गई है। स्पिनरों की मददगार पिचों पर बल्लेबाजों का संघर्ष और सीनियर खिलाड़ियों के बाद ट्रांजिशन फेज में युवा खिलाड़ियों (जैसे यशस्वी जायसवाल और शुभमन गिल) की निरंतरता भारत की सबसे बड़ी परीक्षा होगी।

गंभीर की कोचिंग: व्हाइट बॉल में ‘किंग’, रेड बॉल में ‘कठिन’

हेड कोच गौतम गंभीर के कार्यकाल में भारतीय टीम ने दो अलग-अलग रूप दिखाए हैं। जहां एक तरफ गंभीर की कोचिंग में भारत ने चैंपियंस ट्रॉफी 2025 और एशिया कप जीतकर व्हाइट-बॉल क्रिकेट में अपना लोहा मनवाया, वहीं टेस्ट फॉर्मेट में टीम को कुछ करारी हारों का सामना करना पड़ा है। आलोचक उनकी ‘अत्यधिक आक्रामक’ रणनीति पर सवाल उठा रहे हैं जो सीमित ओवरों में तो काम कर रही है लेकिन रेड बॉल क्रिकेट में टीम के संतुलन को बिगाड़ रही है। 2026 गंभीर के लिए यह साबित करने का साल होगा कि वह सभी फॉर्मेट में एक समान प्रभावी कोच हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here