बरेली में 12वीं के एक छात्र की उसके ही दोस्तों ने चाकू से गोदकर हत्या कर दी। छात्र घर पर खाना खा रहा था, दोस्त उसे बुलाकर ले गए। घर से करीब 400 मीटर दूर दोस्तों के 2 गुटों में चल रहे विवाद का समझौता कराने लगा। तभी दोनों पक्षों के बीच कहासुनी होने लगी।
इसी बीच एक गुट के 5 लड़कों ने उसे पकड़ लिया, जिसके बाद 3 लड़कों ने उस पर चाकू से हमला कर दिया। गले, पेट और सीने पर ताबड़तोड़ 5-6 वार किए गए, जिससे उसकी आंतें बाहर आ गईं। छात्र लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा। आरोपी छात्र वहां से भाग गए।
वहां मौजूद दूसरे गुट के लड़कों ने घायल छात्र को अस्पताल पहुंचाया। जहां इलाज के दौरान शनिवार दोपहर उसकी मौत हो गई। परिजनों ने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। घटना शुक्रवार शाम की इज्जतनगर थाना की है।

अब पढ़िए पूरा मामला…
छात्र की पहचान अशोक विहार (संजय नगर) निवासी शिवा पटेल (17) के रूप में हुई है। शिवा 12वीं का छात्र था। उसके भाई हिंमाशु पटेल ने बताया- शुक्रवार शाम करीब 7 बजे मेरा भाई खाना खा रहा था। तभी 5-6 लड़के उसे बुलाने आए। उसमें से एक का नाम मानव राजपूत था, उन सबके बुलाने पर वो खाना छोड़कर चला गया।
उसके जाने के कुछ देर बाद मैं दुकान से कुछ सामान लेने गया था। जब वापस घर आया, तो दरवाजे पर वही लड़के खड़े थे। उन लोगों ने कहा- तुम्हारा भाई अस्पताल में भर्ती है। जल्दी जाओ। इतना सुनते ही मैं परिवार के साथ अस्पताल पहुंचा। उसके शरीर पर कई जगह चाकू से लगा कट था। खून बह रहा था। उसकी आंते तक बाहर निकल आईं थीं। आज इलाज के दौरान मेरे भाई की मौत हो गई।
शिवा ने थप्पड़ मारा, तब आरोपी उसपर टूट पड़े एक दोस्त ने बताया- 2 गुटों के बीच लड़ाई चल रही थी। शिवा दोनों पक्षों को जानता था, इसलिए उसे समझौता कराने के लिए ले जाया गया था। एक पक्ष ने शिवा की बात सुन ली, लेकिन दूसरे पक्ष ने उसकी बात नहीं मानी और सीधे उसे थप्पड़ मार दिया। थप्पड़ लगने से उस लड़के का कड़ा शिवा के चेहरे पर लग गया। इस पर गुस्से में शिवा ने भी उस लड़के को 2-3 थप्पड़ मार दिए। इतने में दूसरे गुट के लड़कों ने चाकू निकाल लिया और शिवा पर टूट पड़े।
इज्जतनगर थाना के सीओ थर्ड पंकज श्रीवास्तव ने बताया- आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। उनकी गिरफ्तारी के लिए तीन टीमें गठित की गई हैं। संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। मृतक के शव का पोस्टमॉर्टम कराया जा रहा है।












