वर्चस्व की जंग में हिस्ट्रीशीटरों के बीच ताबड़तोड़ फायरिंग, दहल उठा मथुरा

राया (मथुरा)। गांव ककरेटिया में दो हिस्ट्रीशीटरों के गुटों के बीच वर्चस्व की लड़ाई खूनी संघर्ष में बदल गई। दोनों पक्षों के बीच कई राउंड फायरिंग होने से गांव में दहशत फैल गई। गोलियों की तड़तड़ाहट सुनकर खेतों में काम कर रहे किसान और ग्रामीण जान बचाने के लिए इधर-उधर भाग निकले। सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में खलबली मच गई। कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई।

Advertisement

हालांकि तब तक अधिकांश आरोपित फरार हो चुके थे। पुलिस ने हिस्ट्रीशीटर समेत आधा दर्जन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। वहीं दूसरे पक्ष का हिस्ट्रीशीटर फरार है। राया के गांव ककरेटिया में वर्ष 2024 में पालेंद्र और कारव निवासी हरेंद्र के बीच मारपीट हुई थी। इस घटना में हरेंद्र के पिता ने पालेंद्र और उसके साथियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था।

तभी से दोनों पक्षों के बीच वर्चस्व को लेकर तनाव बना हुआ है। शुक्रवार को हरेंद्र नहर मार्ग से अपने गांव कारव जा रहा था। रास्ते में उसका सामना पालेंद्र से हो गया। पुरानी रंजिश को लेकर दोनों के बीच पहले कहासुनी हुई, फिर हरेंद्र ने अपने साथियों को सूचना दे दी। कुछ ही देर में दोनों पक्षों के लोग वाहनों से मौके पर पहुंच गए और विवाद देखते ही देखते ताबड़तोड़ फायरिंग में बदल गया।

गोलियों की तड़तड़ाहट सुनकर खेतों में काम कर रहे किसान और ग्रामीण जान बचाने के लिए इधर-उधर भाग निकले। घटना की सूचना मिलते ही सीओ महावन संजीव राय कई थानों की पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित कराया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ ही साक्ष्य जुटाए और आरोपितों की तलाश शुरू कर दी।

पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर हिस्ट्रीशीटर हरेंद्र सिंह समेत कारव निवासी सौरभ, अलेपुर निवासी पवन, नगला हरगोविंद निवासी आकाश, ककरेटिया निवासी सुमित सिंह और अंकुश सिंह सहित आधा दर्जन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। वहीं दूसरे पक्ष का हिस्ट्रीशीटर पालेंद्र सिंह मौके से फरार हो गया। इसकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।

सुरक्षा के तौर पर गांव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। सीओ महावन ने बताया कि दो गुटों के बीच पुरानी रंजिश और वर्चस्व को लेकर विवाद हुआ था। हिस्ट्रीशीटर हरेंद्र सहित कई लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here