पुलिस बूथ के सामने युवक को ईंट से सिर कुचलकर दबंगों ने मार डाला

कानपुर। नवाबगंज में बैराज-बिठूर हाईवे पर जागेश्वर पुलिस बूथ से 50 मीटर की दूरी पर बनियापुरवा गांव में दबंगों ने युवक की ईंट पत्थर से सिर कुचलकर युवक की हत्या कर दी। इस दौरान युवक के भाई और दोस्त ने बीच बचाव का प्रयास किया जिसमें वह भी घायल हो गए। मृतक नवाबगंज थानाक्षेत्र के भोपालपुरवा गांव का रहने वाला था जबकि हत्यारोपित पड़ोसी गांव बनियापुरवा के रहने वाले हैं।

Advertisement

वारदात को अंजाम देने के बाद हत्यारोपित फरार हो गए। हत्या की सूचना से सनसनी फैल गई ग्रामीणों की सूचना पर डीसीपी सेंट्रल अतुल कुमार श्रीवास्तव,एसीपी कर्नलगंज आकांक्षा पांडेय और सर्किल फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए।

नवाबगंज थानाक्षेत्र के भोपालपुरवा गांव निवासी सुरेश निषाद के तीन बेटे अमित और पुनीत हैं। जबकि उनका 30 वर्षीय मझला बेटा विशाल पिता के साथ खेती और अमरूद का बाग देखता है। परिवार में मां रानीदेवी हैं। अमित की पत्नी मंजू ने बताया कि सोमवार शाम करीब पांच बजे बनियापुरवा गांव में रहने वाले विशाल उर्फ विसल्ली और सनी के साथ उसके दो साथी उसके देवर विशाल को घर से अपने साथ ले गए।

आरोप है कि सभी ने मिलकर विशाल को जमकर शराब पिलाई इसके बाद धनऊपुरवा गांव के पास आरोपित झगड़ने लगे इस पर ग्रामीणों ने बीच बचाव कर मामला शांत कराया। इसके बाद सभी बैराज-बिठूर हाईवे पर जागेश्वर पुलिस बूथ के सामने पहुंचे और बनियापुरवा गांव के लिए मुड़े तभी विशाल उर्फ विसल्ली ने अपने साथी सनी व दो अन्य लोगों के साथ मिलकर विशाल निषाद पर ईंट पत्थर से हमला कर दिया। इस दौरान उधर से गुजर रहे विशाल निषाद के छोटे भाई पुनीत और दोस्त राहुल ने मारपीट होते देखी तो वह बीच बचाव करने लगे। तभी आरोपितों ने उसके भाई और दोस्त पर हमला कर दिया जिससे दोनों के सिर फट गया।

शोर सुनकर ग्रामीण पहुंचे

पुलिस बूथ के सामने चारों ने मिलकर विशाल निषाद की ईंट-पत्थर से सिर कुचलकर उसकी हत्या कर दी और भाग निकले। शोर सुनकर ग्रामीण दौड़े और स्वजन के साथ पुलिस को हत्या की सूचना दी जिसके बाद डीसीपी सेंट्रल अतुल कुमार श्रीवास्तव,एसीपी कर्नलगंज आकांक्षा पांडेय सर्किंल फोर्स के साथ पहुंचे। पुलिस ने पुनीत और राहुल को एलएलआर अस्पताल भेजा।

10 साल पहले हुआ था विवाद

विशाल के बड़े भाई अमित ने पुलिस को बताया कि करीब 10 साल पहले विशाल उर्फ विसल्ली से विवाद हुआ था जिसके बाद समझौता हो गया और दोनों साथ में रहने लगे थे। नशेबाजी के दौरान किसी बात को लेकर हुए विवाद के दौरान ही विशाल उर्फ विसल्ली ने साथियों के साथ मिलकर उसके भाई की हत्या की है।

स्वजन का कहना है कि आरोपितों से 10 साल पूर्व विवाद हुआ था हालांकि वह मामला शांत हो गया था। नशेबाजी के दौरान किसी बात को लेकर हुए विवाद के बाद विशाल उर्फ विसल्ली उसके साथी सनी व दो अन्य लोगों ने विशाल निषाद की ईट पत्थर से सिर कुचलकर हत्या की है। स्वजन की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज करने के साथ ही हत्यारोपितों की तलाश में तीन टीमें गठित कर दबिश दी जा रही है।
– अतुल कुमार श्रीवास्तव,डीसीपी सेट्रल

बवाल की आशंका के चलते मृतक और हत्यारोपितों के घर फोर्स तैनात

हत्यारोपित विशाल उर्फ विसल्ली,सनी और उनके दो साथी बनियापुरवा गांव के रहने वाले हैं। जबकि मृतक विशाल निषाद करीब 200 मीटर दूर स्थित भोपालपुरवा गांव का रहने वाला था। बवाल की आशंका के चलते मृतक और हत्यारोपित दोनों के ही घरों पर भारी फोर्स तैनात कर दिया गया है। ताकि कहीं ग्रामीण हत्यारोपितों के घर पर तोड़फोड़ या आगजनी न कर दें। वारदात के बाद हत्यारोपितों के स्वजन घर छोड़कर फरार हो गए।

बूथ पर मौजूद होते पुलिसकर्मी तो न होती हत्या

करीब दो साल पहले बैराज-बिठूर हाईवे पर जागेश्वर बूथ बनाया गया था यह बूथ मैनावती मार्ग पर बनी जागेश्वर मंदिर चौकी का बूथ है। हालांकि यह बूथ महज शोपीस है। यहां पर दिन में तो पुलिसकर्मी यहां आकर बैठ जाते हैं लेकिन शाम और रात में यहां पर कोई नहीं रहता जबकि यह हाईवे हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here