कोलकाता। अग्नि सुरक्षा के दावों की धज्जियां उड़ाते हुए बंगाल में एक और दर्दनाक हादसा सामने आया है। मंगलवार देर रात मध्य कोलकाता के फ्री स्कूल स्ट्रीट स्थित एक होटल में भीषण आग लग गई, जिसने देखते ही देखते आसपास के होटलों को भी अपनी चपेट में ले लिया।
हादसे के वक्त गहरी नींद में सो रहे लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले ही पूरा परिस धुएं से भर गया। इस दुखद घटना में एक मासूम बच्चे और महिला सहित नौ लोगों की दम घुटने से मौत हो गई, जबकि कई अन्य अस्पताल में जिंदगी और मौत की जंग लड़ रहे हैं।
60 से ज्यादा लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया
रात करीब दो बजे होटल की तीसरी मंजिल पर लगी आग के बाद अफरा-तफरी मच गई। संकरी गली और बेहद तंग रास्तों के कारण दमकल की गाड़ियों को अंदर पहुंचने में भारी मशक्कत करनी पड़ी। राहत व बचाव दल ने 60 से अधिक लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला।
शुरुआती जांच में आग का कारण शार्ट सर्किट माना जा रहा है। तारापीठ में हुए अग्निकांड के महज 24 घंटे के भीतर हुए इस दूसरे हादसे ने होटलों में अग्निशमन व्यवस्था की पोल खोलकर रख दी है। पुलिस और फोरेंसिक टीम मामले की गहन जांच में जुट गई हैं।
कोलकाता के होटल में लगी यह आग, पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले के एक होटल में लगी जानलेवा आग के ठीक दो दिन बाद लगी है। 17 अगस्त की सुबह तारापीठ के होटल विदेशिनी में आग लगने से कम से कम आठ लोगों की मौत हो गई थी और कई अन्य घायल हो गए थे।
आग लगने के वक्त होटलों में ज्यादातर लोग सो रहे थे। बिल्डिंग में धुआं भरने के कारण उनका दम घुटने लगा। मरने वालों में भारतीय और बांग्लादेशी नागरिक शामिल हैं। लोगों की पहचान की जा रही है। पुलिस के मुताबिक, मृतकों की संख्या बढ़ सकती है।
आग की सूचना मिलते ही दमकल की 5 गाड़ियां, पुलिस और डिजास्टर मैनेजमेंट की टीमें मौके पर पहुंचीं। घने धुएं के कारण दमकलकर्मियों को ऊपरी मंजिलों तक पहुंचने में काफी दिक्कत हुई। आग पर काबू पा लिया गया है, लेकिन इमारत अभी भी काफी गर्म है, इसलिए कूलिंग का काम जारी है।
हादसे से जुड़ी 3 तस्वीरें…



शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका
पश्चिम बंगाल के फायर डिपार्टमेंट मंत्री कौशिक चौधरी ने बताया कि शुरुआती तौर पर शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका है, लेकिन इसकी पुष्टि फॉरेंसिक जांच के बाद होगी।
मंत्री ने मौके का दौरा करने के बाद कहा कि इमारत के अंदर की स्थिति बेहद खराब थी और यहां कई होटल चल रहे थे। उन्होंने कहा कि वहां की व्यवस्था देखकर वे हैरान हैं
मंत्री के मुताबिक, बिल्डिंग मैनेजमेंट ने बुनियादी सुरक्षा और निर्माण नियमों का पालन नहीं किया था। होटल के संचालन में भी कई तरह की अनियमितताएं होने की शिकायत सामने आई है। घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बिल्डिंग मालिक फरार, केस दर्ज होगा
पुलिस के मुताबिक, इमारत का मालिक फिलहाल फरार है। न्यू मार्केट थाने में केस दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पुलिस मालिक की तलाश में उसके घर समेत कई जगहों पर दबिश दे रही है। आग लगने की वजह और सुरक्षा नियमों के उल्लंघन की जांच की जा रही है।
17 अगस्त: बीरभूम के होटल में आग से 9 की मौत, शॉर्ट सर्किट से हादसा
पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले में तारापीठ मंदिर के पास एक होटल में आग लगने से 9 लोगों की मौत हो गई, जबकि 9 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
शुरुआती जानकारी के मुताबिक, आग शॉर्ट सर्किट की वजह से लगने की आशंका है। घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा गया है।













