पटना: बिहटा थाने के परेव के पास सोन नदी घाट से नाव पर अवैध रूप से बालू लादने और उससे मनमाना शुल्क वसूलने की शिकायत पर पहुंची पुलिस को कारोबारियों के साथ भिड़ंत हो गई। इस भिड़ंत में दोनों तरफ से कई राउंड फायरिंग होने की सूचना है।
मिली जानकारी के अनुसार, धंधेबाजों की ओर से करीब 40 राउंड और पुलिस की ओर से अपने बचाव में तकरीबन 22 राउंड कुल 62 राउंड फायरिंग की गई है। दोनों तरफ से हुई इस मुठभेड़ में इंस्पेक्टर राजू कुमार के बांह में गोली लगी वहीं, एक गोली मुठभेड़ में शामिल धंधेबाज अनीश कुमार को लगी है। फायरिंग व झड़प की इस घटना में स्थानीय थानाध्यक्ष अमित कुमार और सहायक थानाध्यक्ष विकास कुमार के भी घायल होने की सूचना मिली है।
घायल युवक अनीश को पुलिस ने गिरफ्तार कर इलाज के लिए भर्ती कराया है। पुलिस की माने तो मुठभेड़ में शामिल उसके तीन अन्य साथी मौका देख फरार हो गए। मौके से पुलिस ने काफी संख्या में हथियार, जिंदा कारतूस और एक नाव जब्त किया है। पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस सर्च ऑपरेशन चला रही है।
परेव सोन नदी घाट के पास की घटना
रविवार तड़के पुलिस को सूचना मिली कि थानाक्षेत्र के परेव सोन नदी घाट पर कुछ बदमश अवैध रूप से नाव पर बालू लाद कर पार कराने की एवज में नाविकों से बतौर रंगदारी रकम वसूल रहे हैं। सूचना मिलने पर त्वरित कार्रवाई करते हुए निर्दिष्ट स्थान पर पहुंच गई। पुलिस को आता देख बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाब में पुलिस ने भी गोलियां चलाई। देखते ही देखते सोन तट गोलियों की तड़तड़ाहट से गूंज उठा।
मुठभेड़ में बदमाश अनीश कुमार घायल, हुआ गिरफ्तार
पुलिस और बदमाशों के बीच हुई इस मुठभेड़ में एक बदमाश मनेर निवासी रामबाबू राय के बेटे अनीश कुमार और इंस्पेक्टर राजू कुमार को गोली लग गई। पुलिस ने अनीश को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस सूत्र के अनुसार गिरफ्तार अनीश के विरुद्ध आपराधिक मामलों में चार कांड दर्ज हैं। इसमें एक मामला AK-47 से जुड़ा भी है।
मौके से देसी राइफल, देसी कार्बाइन सहित अन्य हथियार बरामद
पुलिस ने घटनास्थल से एक देसी राइफल, एक देसी कार्बाइन, एक देसी पिस्तौल, दो कट्टा के अलावा 25 जिंदा कारतूस व एक नाव को जब्त किया है। घटना की जानकारी मिलते ही सिटीएसपी (वेस्ट) संकेत कुमार और डीएसपी अमरेंद्र कुमार दलबल के साथ मौके पर पहुंच मौका मुआयना किया। सिटीएसपी (वेस्ट) ने बताया कि पुलिस गिरफ्तार अपराधी अनीश से पूछताछ कर मौके से फरार अपराधियों और इस गिरोह के अन्य सदस्यों की जानकारी जुटाने में लगी है।
फायरिंग में एक अपराधी और दो पुलिसकर्मी घायल : एसएसपी
SSP कार्तिकेय कुमार शर्मा ने बताया कि अपराधी नाव पर गैर-कानूनी काम कर रहे थे। पुलिस ने उन्हें रोका, जिसके बाद दोनों तरफ से गोलीबारी हुई। एक अपराधी घायल हो गया, जबकि एक-दो पुलिसकर्मी भी घायल हुए। घायल अपराधी की पहचान अनीश कुमार के तौर पर हुई है और उसका PMCH में इलाज चल रहा है। बाकी आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। अपराधियों ने 40 राउंड और पुलिस ने 22 राउंड गोली चलाई।
उन्होंने बताया कि आरोपी वे पहले भी कई मामलों में शामिल रहे हैं। पिछले साल उनके पास से एक AK-47 बरामद हुई थी। इस बार भी भारी मात्रा में हथियार बरामद हुए हैं। बड़ी संख्या में हथियार ज़ब्त किए गए, जिनमें एक देसी राइफल, एक देसी कार्बाइन, दो देसी पिस्तौल, एक देसी कट्टा और लगभग 25 राउंड कारतूस शामिल हैं।










