नई दिल्ली: दक्षिणी दिल्ली के सत्य निकेतन में बहुमंजिला इमारत गिरने से अब तक छह लोगों की मौत हो गई है। अधिकारियों ने बताया कि रातभर चले अभियान के दौरान एक और व्यक्ति के शव को मलबे से निकाला गया। फिलहाल, 11 लोगों को बचा लिया गया है, जबकि कई अन्य लोगों के फंसे होने की आशंका है। घटना स्थल पर मलबा हटाने का काम जारी है। इस बीच सीएम रेखा गुप्ता सोमवार सुबह फिर घटनास्थल पहुंचीं और वहां चल रही कार्रवाई की समीक्षा की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि बेसमेंट में पानी भरने से ये बिल्डिंग गिरी है।
सीएम रेखा गुप्ता ने बताया कैसे गिरी बिल्डिंग
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि यह वाकई एक दुखद घटना है जो इमारत के मालिक की लापरवाही की वजह से हुई। यह बहुत पुरानी इमारत थी और बेसमेंट में पानी भरने की वजह से इसके पिलर गिर गए; पूरी इमारत ढह गई। इस इमारत के मामले में पहले ही कार्रवाई की जा चुकी है और मालिक के खिलाफ कानूनी प्रक्रिया शुरू की जाएगी। इसके अलावा, आस-पास की दूसरी खतरनाक इमारतों की पहचान करके उन्हें गिराया जाएगा। खास तौर पर, हमने ठीक इसके पीछे वाली इमारत को खाली करवा लिया है और उसे तुरंत गिरा दिया जाएगा।
सीएम रेखा गुप्ता बोलीं- हम ऐसी पॉलिसी बना रहे…
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि सरकार, म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन के साथ मिलकर एक ऐसी पॉलिसी बना रही है जिसके तहत पब्लिक इस्तेमाल वाली किसी भी इमारत- चाहे वह PG हो, नर्सिंग होम हो, स्कूल हो या कोई और सेंटर, इसका समय-समय पर स्ट्रक्चरल ऑडिट और सेफ्टी सर्टिफिकेशन होना जरूरी होगा। वरना, वहां कोई भी पब्लिक गतिविधि करने की इजाजत नहीं होगी। हम किसी को भी असुरक्षित PG में रहने नहीं देंगे।
सीएम ने कहा- किसी को बख्शा नहीं जाएगा
सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि इमारत से निकाले गए लोगों के लिए कॉलेज हॉस्टल में रहने का इंतजाम किया गया है और सरकार उनकी जरूरतों का ध्यान रख रही है। हम इस घटना से प्रभावित छात्रों के माता-पिता के संपर्क में हैं और उनकी परेशानी कम करने के लिए उन्हें पूरी मदद दे रहे हैं। जिन सरकारी अधिकारियों की देखरेख में कमी, लापरवाही या दूसरी गलतियों की वजह से यह स्थिति बनी, उनके खिलाफ आज ही सख्त कार्रवाई की जाएगी; किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।
सत्य निकेतन बिल्डिंग हादसे पर बड़ा एक्शन
सत्य निकेतन बिल्डिंग हादसे पर सीएम रेखा ने बड़ा एक्शन लिया है। उन्होंने कहा कि बिल्डिंग मालिक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई है। जिम्मेदार पाए जाने वाले एमसीडी अधिकारियों पर कड़ी कार्रवाई होगी। दिल्ली में पांचवीं मंजिल वाले भवनों को तत्काल सील करने का निर्देश दिया है। आसपास के पीजी और बिल्डिंग की भी सघन जांच, नियमों का उल्लंघन मिलने पर सीलिंग होगी। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि दिल्लीवासियों की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं होगा, लापरवाही पर किसी को बख्शा नहीं जाएगा।












