पुणे। पुणे पुलिस ने सरकारी नौकरी में खेल कोटे के तहत आवेदन करने वाले उम्मीदवारों को कुराश प्रतियोगिताओं के एक हजार से ज्यादा फर्जी प्रमाणपत्र जारी करने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश किया है। इस मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। एक अधिकारी ने बताया कि महाराष्ट्र कुराश एसोसिएशन के अध्यक्ष और सचिव ने ऐसी राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं के फर्जी रिकार्ड तैयार किए, जो कभी आयोजित ही नहीं हुई थी।
पुलिस ने लगभग 60 ऐसे लोगों की पहचान की है, जिन्होंने सरकारी पदों के लिए आवेदन करने में इन फर्जी दस्तावेजों का उपयोग किया।
कुराश एक प्रकार की कुश्ती है, जिसकी शुरुआत मध्य एशिया में हुई थी। यह अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान्यता प्राप्त खेल है और महाराष्ट्र में 2012 से महाराष्ट्र कुराश एसोसिएशन के तहत खेला जा रहा है।
अधिकारी के अनुसार, यह मामला उस समय सामने आया जब पुलिस को शिकायत मिली कि खेल कोटे के तहत सरकारी नौकरी पाने के इच्छुक उम्मीदवारों को कुराश और अन्य खेलों के फर्जी प्रमाणपत्र दिए जा रहे हैं। शिकायत मिलने के बाद जांच शुरू की गई।
आरटीआई आवेदन के जरिये मिले दस्तावेजों की भी जांच की गई और कई गड़बड़ियां मिलीं। अधिकारी ने बताया कि जांच में पता चला कि 2016 से 2019 के बीच आयोजित बताई गई प्रतियोगिताएं ऐसे संगठनों ने कराई थीं, जिनका भारतीय कुराश एसोसिएशन से कोई संबंध नहीं था।
प्रमाणपत्रों पर हस्ताक्षरों को कथित तौर पर स्कैन करके लगाया गया था। यह गिरोह 2016 के बाद से सक्रिय था और एक हजार से अधिक प्रमाणपत्र बांटे जाने की आशंका है। आरोपितों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस पूरे गिरोह का पता लगाने के लिए अन्य सुबूत जुटा रही है।











