हमीरपुर। जनपद में मौरंग के ओवरलोड ट्रकों के खिलाफ चलाये जा रहे अभियान से कानपुर-सागर नेशनल हाइवे-34 में पन्द्रह किमी जाम लग गया। पिछले 10 घंटे से आवागमन ठप है। जाम में सैकड़ों वाहनों और रोडवेज बसें फंस गयी हैं। कानपुर से आने वाले बैंक कर्मियों और अधिकारी भी जाम में फंस गये हैं।
यहां से कानपुर जा रही एम्बुलेंस भी बीच रास्ते में फंस गयी है। पड़ोसी जनपद के साथ यहां की पुलिस जाम खुलवाने में जुटी हुयी है। जाम में यमुना और बेतवा पुलों में बड़ी संख्या में वाहन खड़े हैं।

हमीरपुर और पड़ोसी जनपद कानपुर की सीमा पर बुधवार की रात अवैध मौरंग और ओवर लोडिंग के खिलाफ एआरटीओ व खनिज अधिकारी ने टीम बनाकर कार्रवाई शुरू की तो देखते ही देखते नेशनल हाइवे में जाम लग गया। चालक कार्रवाई से बचने के लिये ट्रक छोड़ कर भाग भी गये। यमुना पुल पार चेकिंग अभियान से कई किमी तक लम्बा जाम लग गया। सुबह होते-होते ये जाम हमीरपुर में भी कई किमी तक लग गया।
बेतवा पुल से लेकर कुंडौरा तक जाम लग गया है। यमुना पुल पार सजेती तक भी जाम के कारण हाइवे में आवागमन बाधित है। जाम को खुलवाने में पुलिस का भी पसीना छूट रहा है। कोतवाली और कुछेछा चौकी पुलिस समेत यातायात के सिपाहियों को मौके पर लगाया गया है। यमुना और बेतवा पुल में ही सैकड़ों की संख्या में वाहन और रोडवेज बसें जाम के कारण खड़ी हो गयी हैं।
पिछले 11 घंटे तक जाम रहने से कानपुर-सागर नेशनल हाइवे में आवागमन ठप है। यातायात और स्थानीय पुलिस जाम खुलवाने के लिये लगातार प्रयास कर रही है। जाम में फंसी बसों में सवार यात्री भी बेहाल हो गये हैं। कानपुर से ड्यूटी पर आने वाले तमाम बैंक कर्मचारी और अधिकारी जाम में फंस गये है। जबकि यमुना पुल पार नवेली थर्मल पावर प्लांट के कर्मचारी भी जाम से परेशान हैं।
यहां के यातायात प्रभारी अरविन्द कुमार मिश्रा ने आज सुबह बताया कि पड़ोसी जनपद की सीमा में ओवर लोडिंग के खिलाफ चलाये गये अभियान के कारण जाम लगा है। पूरी रात जाम खुलवाने के लिये मौके पर कार्रवाई की गयी है। अब धीरे-धीरे जाम खुल रहा है। कुछ ही घंटे में हाइवे में आवागमन सामान्य हो जायेगा। उन्होंने बताया कि चेकिंग के दौरान चालक ट्रकों को बीच सड़क पर खड़ा करके भाग जाने से जाम की समस्या पैदा होती है।
Advertisement