मेरठ। उत्तर प्रदेश के मेरठ में 17 साल की लड़की ने शुक्रवार रात जहर खाकर आत्महत्या कर ली। परिवार वालों का आरोप है कि लड़की गांव निवासी अपने प्रेमी से शादी करना चाहती थी। लेकिन वह इससे इंकार कर रहा था। इसी साल फरवरी माह में लड़की ने अपने प्रेमी समेत तीन पर छेड़खानी का केस दर्ज कराया था। जब मजिस्ट्रेट के सामने बयान हुए तो लड़की ने प्रेमी पर दुष्कर्म आरोप लगाया।
आरोप है कि पुलिस कार्रवाई नहीं कर रही थी। वहीं आरोपियों के हौसले बढ़ते जा रहे थे। पूरे मामले में लड़की की मां की तहरीर पर 12 लोगों के खिलाफ परीक्षितगढ़ थाने में आत्महत्या के लिए उकसाने की धारा के तहत केस दर्ज किया गया है।
1 साल पहले शुरू हुई थी गांव के युवक से दोस्ती
परीक्षितगढ़ थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी शख्स की 17 साल की बेटी अपनी बहन और मां के साथ गांव में रहती थी। पिता की मौत हो चुकी है। 1 साल पहले लड़की की दोस्ती गांव निवासी शादाब से हुई। इसके बाद दोनों में नजदीकियां बढ़ती चली गई और लड़की ने शादी करने के लिए कहा। लेकिन प्रेमी शादाब शादी से इंकार करता रहा।
16 फरवरी को शादाब व उसके भाई पर छेड़छाड़ की FIR
लड़की और उसके प्रेमी शादाब के बीच इसी साल फरवरी माह में विवाद शुरू हो गया। लड़की और उसकी मां ने परीक्षितगढ़ थाने में 16 फरवरी 2021 को एक एफआईआर दर्ज कराई। जिसमें कहा गया कि शादाब उसका भाई मुनव्वर और इन दोनों के चाचा का लड़का गुलशेर छेड़छाड़ करते हैं। और घर में घुसकर परेशान करते हैं। जिसके बाद पुलिस ने तीनों पर एफआईआर दर्ज कर ली। लेकिन जब पुलिस ने इस मामले की तह तक जाने की कोशिश की तो सच्चाई सामने आई।
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि शादाब और लड़की के बीच प्रेम प्रसंग था और दोनों के मोबाइल पर जनवरी-फरवरी में 50 दिन में 300 से अधिक बार बात हुई। यह मोबाइल की कॉल डिटेल से पता चला। जिसमें लड़की शादाब से शादी करना ही चाहती थी। बाद में पुलिस ने लड़की के 164 के बयान दर्ज कराए। जिसमें लड़की ने शादाब उसके भाई मुनव्वर के साथ इनके तीसरे भाई अशरफ का भी नाम शामिल किया। और शादाब पर रेप का आरोप लगाया। पुलिस ने पूर्व में दर्ज मुकदमे में शादाब के खिलाफ रेप की धारा बढ़ा दी।
मोबाइल बन्द कर फरार हुआ शादाब
इस मामले में जब शादाब पर रेप का मुकदमा दर्ज हुआ और उसे पुलिस तलाशने लगी तो शादाब अपने भाई मुन्नवर के साथ घर से फरार हो गया। पुलिस ने शादाब और उसके भाई की तलाश में दिल्ली और रुड़की में कई बार दबिश दी। लेकिन दोनों हत्थे नहीं चढ़े। लॉकडाउन के चलते भी दोनों घर नहीं आए। उधर लड़की लगातार आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करने लगी। इस मामले में परीक्षितगढ़ में दर्ज मुकदमे की विवेचना इस समय एसएसआई शिवनारायण कर रहे थे।
रात में जहर खाया, अस्पताल में मौत
शुक्रवार रात को पीड़ित लड़की ने जहरीला पदार्थ खा लिया। जब लड़की की हालत बिगड़ी तो परिवार के लोगों ने लड़की को बागपत रोड स्थित केएमसी अस्पताल में भर्ती कराया। लड़की की मां ने आरोप लगाया है कि आरोपी शादाब और उसके परिवार के लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार नहीं किया।
और आरोपी मुकदमे में समझौता करने का दबाव बना रहे थे। इसी से तंग आकर लड़की ने जहर खा लिया है। उपचार के दौरान लड़की की मौत हो गई। घटना की जानकारी के बाद SP केशव कुमार और CO सदर देहात पूनम सिरोही भी मौके पर पहुंची। और जांच पड़ताल की।
SP बोले- 12 लोगों के खिलाफ केस दर्ज
SP देहात केशव कुमार का कहना है कि प्रारंभिक जांच में मामला सामने आया है कि लड़की ने जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या की है। लड़की के शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। लड़की के परिवार ने जो तहरीर दी है उसमें शादाब पक्ष के 12 लोगों के खिलाफ परीक्षितगढ़ थाने में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पूर्व में जो मुकदमा दर्ज कराया था उस मुकदमे में विवेचना कर रहे एसएसआई की भूमिका की जांच शुरू कर दी गई है। पूरे प्रकरण में निष्पक्ष जांच की जा रही है।