नई दिल्ली। कई दिनों तक हवाई सेवा रद करने के बाद इंडिगो के विमान एक बार फिर पहले की तरह उड़ान भरने को तैयार हैं। हालांकि, लगभग 1 हफ्ते बाद भी इंडिगो की सेवाएं पहले की तरह बहाल नहीं हो सकी हैं। आज (8 दिसंबर) को भी इंडिगो ने 200 से ज्यादा उड़ाने रद कर दी हैं। वहीं 8-9 दिसंबर को इंडिगो ने कुल 243 फ्लाइट्स को रद करने की घोषणा की है।
इंडिगो के द्वारा रद की गई उड़ानों में कई घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ाने भी शामिल हैं। दिल्ली, मुंबई, चेन्नई, हैदराबाद, कोलकाता, गोवा समेत कई बड़े शहरों में इंडिगो की कुछ फ्लाइट्स आज भी कैंसिल हैं।
आज 150 फ्लाइट्स रद
इंडिगो ने आज दिल्ली, मुंबई, चेन्नई, बेंगलुरु, हैदराबाद समेत कई शहरों में 150 से अधिक फ्लाइट्स कैंसिल करने की घोषणा की है। अंतरराष्ट्रीय उड़ानों में मुंबई से सिंगापुर, चेन्नई से पेनांग और मुंबई से अबु धाबी जाने वाली फ्लाइट्स आज रद हैं।
लगेज के लिए लाइन में लगे लोग
इंडिगो के फ्लाइट्स रद करने का आज सातवां दिन है। हालांकि, एयरलाइंस के ज्यादातर विमान अब आसमान में उड़ान भरने लगे हैं, जिसके कारण यात्रियों ने राहत की सांस ली है। इंडिगो ने कई यात्रियों को टिकट के पैसे भी रिफंड कर दिए हैं। मगर, एयरपोर्ट पर अभी भी लोगों को अपना लगेज नहीं मिला है। लगेज के लिए कई लोग अभी तक लाइन में खड़े हैं।
DGCA ने बढ़ाई जवाबदेही की समयसीमा
पिछले एक हफ्ते में हजारों फ्लाइट्स कैंसिल करने के बाद नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) ने इंडिगो के सीईओ पीटर एल्बर्स और अकाउंटेबल मैनेजर इसिड्रो पोर्केरास के खिलाफ कारण बताओ नोटिस जारी किया था। DGCA ने 24 घंटे में जवाब देने का आदेश दिया था। हालांकि, इंडिगो की तरफ से नोटिस पर कोई प्रतिक्रिया न मिलने पर DGCA ने समयसीमा बढ़ा दी है। इंडिगो को आज शाम 6 बजे से पहले जवाब देने के लिए कहा गया है।
-1765172213046.jpg)
फोटो – पीटीआई
सरकार ने दिए सख्त निर्देश
फ्लाइट्स रद होने के बाद हवाई यात्रा के किराए भी आसमान छूने लगे थे। एयरलाइंस कंपनियों ने मनमाने ढंग से किराया बढ़ाना शुरू कर दिया था, जिसपर एक्शन लेते हुए सरकार ने हवाई यात्रा के टिकट के दाम पर लिमिट लगा दी है।
कब तक सामान्य होंगे हालात?
सरकार ने इंडिगो को यात्रियों के पैसे रिफंड करने का भी आदेश दिया था। इंडिगो 610 करोड़ रुपये लौटा चुका है। साथ ही 3000 से ज्यादा लगेज पैसेंजर्स को वापस किए जा चुके हैं। ऐसे में 10 दिसंबर से हालात सामान्य होने की उम्मीद की जा रही है।
सोर्स – इंडिगो वेबसाइट











