सिकंदराराऊ (हाथरस)। प्रदेश के पूर्व मंत्री मदन चौहान द्वारा भाकियू भानु के राष्ट्रीय अध्यक्ष भानु प्रताप सिंह पर की गई टिप्पणी के विरोध में शुक्रवार सुबह निकला भाकियू भानु कार्यकर्ताओं का काफिला सिकंदराराऊ में बेकाबू हो गया।
पुलिस ने काफिला रोकने का प्रयास किया तो लाठी-डंडे लहराते कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच टकराव हो गया। आरोप है कि इस दौरान कार्यकर्ताओं ने धक्का-मुक्की और अभद्रता की। वहीं काफिले में शामिल एक वाहन की टक्कर से कस्बा इंचार्ज रामनरेश गंभीर रूप से घायल हो गए।
हंगामे में एसपी एटा की सरकारी गाड़ी भी क्षतिग्रस्त हो गई। पुलिस ने घटना के वीडियो जुटा लिए हैं और आरोपियों को चिन्हित कर मुकदमा दर्ज करने की तैयारी शुरू कर दी है।
शुक्रवार को पूर्व मंत्री की टिप्पणी के विरोध में सैकड़ों कार्यकर्ता जलेसर से गढ़मुक्तेश्वर के लिए निकले थे और कई कार्यकर्ता हाथों में लाठी-डंडे लिए हुए थे। काफिला जब सिकंदराराऊ-पुरदिलनगर मार्ग पर पहुंचा तो पुलिस ने उसे रोकने का प्रयास किया, जिसके बाद विवाद बढ़ गया।
पुलिस का आरोप है कि कार्यकर्ताओं ने लाठी-डंडे लहराते हुए पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की की और काफिला जबरन आगे बढ़ा। बस स्टैंड के पास हालात और बिगड़ गए, जहां एक वाहन ने कस्बा इंचार्ज रामनरेश को टक्कर मार दी। उन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना के बाद काफी देर तक जाम की स्थिति बनी रही और इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर भारी पुलिस बल ने मौके पर पहुंचकर हालात को नियंत्रित किया। कोतवाली प्रभारी शिव कुमार शर्मा ने बताया कि वीडियो और फोटो के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है।
जल्द ही मुकदमा दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जाएगी। वहीं भाकियू भानु पदाधिकारियों का कहना है कि वे शांतिपूर्वक जा रहे थे, लेकिन पुलिस ने रास्ता रोका, जिससे विवाद की स्थिति बनी।
लाठी-डंडों के साथ पहुंचे कार्यकर्ता
काफिले में शामिल कई कार्यकर्ता हाथों में लाठी-डंडे लिए हुए थे। पुलिस का आरोप है कि इन्हीं के साथ उन्होंने धक्का-मुक्की और अभद्रता की। इस दौरान कस्बा इंचार्ज रामनरेश को वाहन ने टक्कर मार दी, जिससे वह घायल हो गए। साथ ही एसपी एटा की सरकारी गाड़ी भी क्षतिग्रस्त हो गई।
पुलिस के साथ अभद्रता, सरकारी कार्य में बाधा और कस्बा इंचार्ज को टक्कर मारने की घटना गंभीर है। पुलिस ने घटनास्थल के वीडियो और फोटो एकत्र कर लिए हैं। इनके आधार पर आरोपितों की पहचान की जा रही है। जल्द ही चिह्नित लोगों के खिलाफ अभियोग पंजीकृत कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
शिवकुमार शर्मा, कोतवाली प्रभारी, सिकंदराराऊ











