गुड़गांव में बड़ी मुठभेड़, 4 बदमाश ढेर, 3 पुलिसकर्मी भी गोली लगने से जख्मी

गुड़गांव: सुशांत लोक फेज-2 एरिया में गुरुवार को पुलिस और बदमाशों के बीच हुई भीषण मुठभेड़ में चार आरोपी मारे गए, जब कि एक गंभीर रूप से घायल हो गया। बदमाशों की ओर से की गई अंधाधुंध फायरिंग में तीन पुलिसकर्मी भी गोली लगने से घायल हुए हैं। घायल पुलिसकर्मियों और जीवित बचे एक बदमाश का अस्पताल में इलाज चल रहा है।

Advertisement

व्यवसायी के घर पर कर रहे थे फायरिंग
पुलिस के अनुसार, कंट्रोल रूम से सूचना मिली थी कि एक संदिग्ध स्कॉर्पियो गाड़ी में कुछ हथियारबंद अपराधी घूम रहे हैं। जब क्राइम ब्रांच की टीमें मौके पर पहुंचीं, तो सुशांत लोक एरिया में इन बदमाशों ने एक स्थानीय व्यवसायी के घर पर अत्याधुनिक हथियारों से फायरिंग शुरू कर दी थी। बताया जा रहा है कि इस व्यवसायी को विदेश में बैठे एक इनामी गैंगस्टर द्वारा रंगदारी के लिए लगातार धमकी भरे मैसेज मिल रहे थे।

चेतावनी के बाद पुलिस पर चलाईं गोलियां
क्राइम ब्रांच की टीम ने सूचना मिलने के बाद बदमाशों को घेर लिया और उन्हें आत्मसमर्पण करने की चेतावनी दी। खुद को घिरा देख अपराधियों ने आत्मसमर्पण करने के बजाय पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी और भागने का प्रयास किया। पुलिस ने भी बदमाशों को दबोचने के लिए जवाबी फायरिंग की।

अस्पताल में 4 मृत घोषित
मुठभेड़ के दौरान पुलिस की गोलियां सभी 5 शूटरों को लगीं। उन्हें तुरंत एक निजी सुपर स्पेशलिटी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने 4 बदमाशों को मृत घोषित कर दिया, जबकि एक का उपचार जारी है। मुठभेड़ की सूचना मिलते ही डीसीपी क्राइम और डीसीपी ईस्ट भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। इसके साथ ही सीन-ऑफ-क्राइम और एफएसएल की वैज्ञानिक टीमों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here