फुलवारी शरीफ। एक ओर एसएसपी की क्राइम मीटिंग में अपराध नियंत्रण पर मंथन हो रहा था तो दूसरी ओर बेखौफ अपराधियों ने एक प्रॉपर्टी डीलर को गोलियां दाग दी।
घटना रामकृष्ण नगर थाना क्षेत्र के ज्योतिषी पथ में मंगलवार देर रात अपराधियों ने प्रॉपर्टी डीलर शुभम यादव को निशाना बनाकर ताबड़तोड़ चार गोलियां मार दीं।
गोली लगते ही शुभम गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। आसपास के लोगों ने आनन-फानन में उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां उउकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।
मंगलवार देर रात की घटना
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शुभम पैदल ही मोबाइल फोन पर बात करते हुए जा रहा था। इसी दौरान अपाची बाइक पर सवार दो अपराधी पहुंचे और निशाना बनाकर लगातार चार गोलियां चला दीं।
वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी मौके से फरार हो गए। गोलीबारी की घटना से इलाके में अफरातफरी मच गई।
सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और डीएसपी सदर 2 पहुंचे।
सीसीटीवी में कैद हुई घटना
घटनास्थल की छानबीन की। सीसीटीवी फुटेज को खंगाला। सीसीटीवी में वारदात की तस्वीर कैद हो गई है। प्रॉपर्टी डीलर को गोली मारने के पीछे क्या कारण है, इसका तत्काल पता नहीं चल सका है।
पुलिस जमीन कारोबार समेत अन्य संभावित विवादों को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। दिनदहाड़े हुई इस वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।













