इंडिगो की कैंसिल और डिले होती फ्लाइटों से यात्रियों का गुस्सा फूट रहा ग्राउंड स्टाफ पर

नई दिल्ली : इंडिगो की फ्लाइटों के कैंसल और डिले होने से यात्रियों के गुस्से का अगर सबसे अधिक कोई सामना कर रहा है तो वह है देश के तमाम हवाई अड्डों पर इंडिगो का ग्राउंड काउंटर स्टाफ। जिन पर आक्रोशित यात्री जमकर अपना गुस्सा निकाल रहे हैं। कई जगह नौबत भिड़ने तक की आ रही है। इन सभी के बीच इंडिगो के ग्राउंड स्टाफ का कहना है कि नौकरी छोड़ नहीं सकते, करें भी तो क्या करें? उन्हें ऊपर से जो भी कहा जाता है वह यात्रियों को बता देते हैं। स्टाफ की प्लान छुट्टियां कैंसल कर दी गई हैं और कहा गया है कि किसी भी सूरत में वह अपने मोबाइल फोन को स्विच ऑफ ना करें।

Advertisement

इंडिगो स्टाफ पर गुस्सा क्यों ?

दिल्ली और मुंबई एयरपोर्ट पर यात्रियों के गुस्से का सामना कर रहीं इंडिगो के स्टाफ ने नाम ना छापने की शर्त पर बताया कि मैनेजमेंट ने उनसे कहा है कि ऐसे नाजुक मौकों पर आप लोगों को किसी भी सूरत में अपना पेशंस नहीं खोना है। अगर कोई यात्री आपा खोता भी है तो आप सीआईएसएफ या पुलिस को कॉल करें, अपने आप से किसी भी सूरत में यात्रियों से ना भिड़े। वरना, इससे इंडिगो की इमेज और खराब होगी।

स्टाफ का पूरे मामले में क्या है कहना

स्टाफ का कहना है कि फिलहाल उन सभी की प्लान छुट्टियां कैंसल कर दी गई हैं। उन्हें दो से तीन घंटे अतिरिक्त काम करना पड़ रहा है, क्योंकि, काउंटरों पर भी ट्रेंड स्टाफ की जरूरत होती है। एकदम से दूसरे स्टाफ को यहां लगा नहीं सकते। पैसेंजर लोड इतना अधिक है कि ठीक से खाने तक का वक्त नहीं मिल पा रहा है।

फिर, ऐसे नाजुक मौकों पर हमने भी कहा है कि हम इंडिगो के साथ हैं। हम अपनी मैनेजमेंट से यही कहा है कि अगर किसी फ्लाइट के अधिक देर तक डिले या कैंसल होने के बारे में जानकारी मिल गई है तो हमें भी उसकी रियल टाइम जानकारी अपडेट करें। ताकि यह मेसेज हम भी तुरंत यात्रियों तक पहुंचा सकें।

अलर्ट मोड पर सीआईएसएफ के अधिकारी

इधर, दिल्ली और मुंबई समेत देश के अधिकतर एयरपोर्ट की सुरक्षा संभालने वाली सीआईएसएफ अधिकारियों ने कहा है कि वह अलर्ट मोड पर हैं। इंडिगो काउंटरों की तरफ उन्होंने अपना अडिशनल स्टाफ लगाया है। एयरपोर्ट के अंदर और बाहर सर्विलांस बढ़ा दिया गया है। मंत्रालय का कहना है कि सभी एयरपोर्ट पर स्टेट पुलिस भी अलर्ट मोड पर है। इधर, रेलवे भी देशभर में फंसे यात्रियों को निकालने के लिए स्पेशल ट्रेन चला रही है।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here